छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हुई है। शनिवार रात रायपुर में ओले भी गिरे। आंधी से केनाल रोड पर पेड़ गिर गया, जिससे रास्ता ब्लॉक हो गया है।

नगर निगम, पीडब्ल्यूडी का कोई अमला रात तक इसे हटाने नहीं पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता वन वे कर दिया है। कई इलाकों में होर्डिंग्स भी उड़ गए। इसके अलावा कोरबा, धमतरी और कोंडागांव इलाके में भी जमकर बादल बरसे हैं।

मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले 4 दिनों में तापमान के धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ने के आसार है।