सरगुजा पुलिस ने शहर में त्यौहार के दौरान सड़क जाम की समस्या को देखते हुए धनतेरस और दीपावली के लिए ट्रेफिक एडवायजरी जारी कर दी है। धनतेरस और दीपावली के दिन शहर में चारपहिया वाहन और ऑटो का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग के लिए 7 स्थल निर्धारित किए गए हैं।
सरगुजा पुलिस ने 06 नवंबर को धनतेरस त्यौहार एवं 08 नवंबर को दीपावली त्यौहार के अवसर पर खरीददारी हेतु शहर में आम जनता का भारी भीड़ होने की संभावना को देखते हुए ट्रेफिक एडवायजरी जारी की है। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने शहर में जाममुक्त यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए जाने का निर्देश दिया है। धनतेरस व दीपावली पर पुलिस टीमें तैनात रहेंगी।
शहर में कार व ऑटो का प्रवेश प्रतिबंधित
दीपावली व धनतेरस पर शहर में कार व ऑटो पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। देव होटल से महामाया चौक की ओर देवीगंज रोड, अग्रसेन चौक से थाना चौक की ओर, ब्रम्ह मंदिर मोड़ से संगम चौक की ओर, थाना चौक से महामाया चौक की ओर, गुदरी चौक से संगम चौक की ओर चार पहिया, तीन पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
सात स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
- पुलिस ने शहर के सात स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।
- गांधी चौक व घड़ी चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग कलाकेन्द्र मैदान।
- गांधी चौक व घड़ी चौक की ओर आने वाले सभी टू-व्हीलर वाहनों की पार्किंग निशांत मेडिकल के बगल में व चित्र मंदिर पार्किंग में होगी।
- अग्रसेन चौक व नया बस स्टैण्ड से पूनम लॉज चौक की ओर आने वाली गाड़ियों के लिए पुराना बस स्टैण्ड में पार्किंग रहेगी।
- गुदरी चौक से थाना चौक तथा पुलिस लाइन की ओर आने वाली गाड़ियों की पार्किंग मल्टी पर्पस स्कूल मैदान में रहेगी।
- अग्रसेन चौक व सद्भावना चौक से सदर रोड़ व महामाया चौक की ओर आने वाली वाहनों की पार्किंग बरेज तालाब के बगल में रहेगी।
- महामाया चौक व थाना चौक से आने वाले सभी टू व्हीलर वाहनों की पार्किंग नगर निगम स्कूल में रहेगी।
- संगम चौक व शर्मा फर्नीचर, गुदरी बाज़ार व जोड़ा पीपल की ओर से आने वाले टू व्हीलर की पार्किंग मानसून एग्रो पार्किंग में रहेगी।
सरगुजा पुलिस ने एडवाइजरी का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारू बनाए रखने की अपील की है।