मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र में बारात के दौरान हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesमुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र में बारात के दौरान हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से उस समय पकड़ा गया, जब वह नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से लौट रहा था।

इस घटना में लक्ष्मी प्रधान नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग घायल हुए थे।

बारात से लौट रहे लोगों पर किया था हमला

घटना 8-9 मई की रात की है। पुलिस के अनुसार आरोपी रवि वर्मा (20) निवासी लखराम ने अपने साथी सुधीर केवट के साथ मिलकर बारात से लौट रहे लोगों के साथ गाली-गलौज की थी।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मी प्रधान की मौत हो गई थी, जबकि सूरज कश्यप सहित अन्य लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका था जेल

सरगांव थाना पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। सह-आरोपी सुधीर केवट को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

हालांकि मुख्य आरोपी रवि वर्मा लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

उज्जैन से लौटते वक्त दबोचा गया

एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर साइबर टीम और सरगांव पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

21 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उज्जैन से नर्मदा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। ट्रेन पहुंचते ही पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पहले खुद को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जाना बताया। हालांकि बाद में उसने हत्या की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह उज्जैन में छिपा हुआ था। पैसे खत्म होने पर वह वापस लौट रहा था और आगे जगन्नाथ पुरी जाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने आरोपी रवि वर्मा को गिरफ्तार कर 22 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।