बीजापुर के न्यू बस स्टैंड पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही

Chhattisgarh Crimesबीजापुर के न्यू बस स्टैंड पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। यहां एक होटल में बिरयानी के साथ शराब परोसने की व्यवस्था है। यह गोरखधंधा पिछले एक साल से 24 घंटे चल रहा है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने पुलिस और आबकारी विभाग की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, अंतराज्यीय बस स्टैंड बीजापुर में बनी अस्थायी दुकानों में तस्करी कर लाई गई अंग्रेजी शराब बेची जाती है। होटल में ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाई जाती है। यह स्थान कोतवाली से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।

इस होटल और शराब ठेके का संचालन अजय धुर्वे नामक युवक करता है। वह रोजाना बीजापुर की अंग्रेजी शराब दुकान से बड़े बैग में शराब की बोतलें लाकर स्कूटी से न्यू बस स्टैंड तक पहुंचाता है। इसके बाद होटल में खुलेआम शराब परोसने का काम शुरू हो जाता है।

टीआई ने दिया आश्वासन

कोतवाली बीजापुर के टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कि न्यू बस स्टैंड सहित जिला मुख्यालय के 10 ठिकानों पर पहले भी कार्रवाई की गई थी और ज्यादातर दुकानों को बंद करवाया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि न्यू बस स्टैंड में ऐसी सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बीजापुर के आबकारी निरीक्षक वतन चौधरी ने भी स्वीकार किया कि ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें वीडियो भी प्राप्त हुआ है और जल्द ही इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।