अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव के बाद दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई

Chhattisgarh Crimesरायपुर: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव के बाद दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। भारत में पेट्रोल की कीमतों पर असर भी साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल के लगातार महंगे होने से लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की खरीदारी में इजाफा हुआ है।

ऑटोमोबाइल कारोबारियों के मुताबिक पिछले कुछ हफ्तों में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। खासकर शहरों में रोजाना आने-जाने वाले लोग अब पेट्रोल का खर्च बचाने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर और कारों को बेहतर ऑप्शन मान रहे हैं।

रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल के दाम 105 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गए हैं। इसका सीधा असर मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ रहा है। रोजाना 30 से 50 किलोमीटर तक सफर करने वाले लोगों का कहना है कि अब पेट्रोल वाहन चलाना पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है।

क्यों बढ़ रही इलेक्ट्रिक व्हीकल की मांग

ऑटो मोबाइल एक्सपर्ट मुकेश कौशल का कहना है कि सरकार की तरफ से मिल रही सब्सिडी, टैक्स में राहत और चार्जिंग स्टेशन बढ़ने से भी EV बाजार को काफी बढ़ावा मिला है। अब कई कंपनियां लंबी रेंज वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर और कार लॉन्च कर रही हैं, जिससे लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि पहले लोग बैटरी और दूरी को लेकर इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर भरोसा कम करते थे, लेकिन अब बाजार में 150 से 500 किलोमीटर तक चलने वाले वाहन उपलब्ध हैं।