बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में फकीरवा नाला में हजारों की संख्या में विभिन्न ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें असुरक्षित तरीके से फेंकी गई हैं। यह नाला रामानुजगंज और पुरानडीह गांव को जोड़ता है। फेंकी गई अधिकांश कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी हो चुकी थीं, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले के आसपास दुर्गंध फैलने लगी है। जानवरों के इन बोतलों और पेय पदार्थों के संपर्क में आने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना बनी हुई है। ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि समय रहते वैज्ञानिक तरीके से अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण नहीं किया गया, तो बारिश के दौरान यह गंदगी जल स्रोतों तक पहुंच सकती है।
खुले में फेंके गए एक्सपायरी खाद्य पदार्थ
ग्रामीणों का कहना है कि एक्सपायरी खाद्य और पेय पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया जाना चाहिए, लेकिन यहां बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में फेंक दिया गया है। मामले की जानकारी प्रशासन और संबंधित विभाग को दे दी गई है।
कार्रवाई और सफाई की मांग
ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नाला क्षेत्र की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।