रायपुर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर मोबाइल और ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के जरिए हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 45 हजार रुपए से अधिक नकदी और करीब 10 लाख रुपए कीमत की किया सेल्टोस कार जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पचपेड़ी नाका निवासी सौरभ मुकीम, महावीर नगर निवासी करण पिंजानी, चांदनी चौक निवासी शेख आसिफ और रामेश्वर नगर खमतराई निवासी इमाम अहमद के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही ID बेचने वालों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

न्यू राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलीडीह शराब भट्ठी रोड स्थित अलौकिक धाम के पास खड़ी एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की। कार की घेराबंदी कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कई महंगे मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।

मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज ऐप्स के लिंक मिले। साथ ही आरोपियों के मोबाइल में व्हाट्सएप चैट, बेटिंग आईडी और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी मिले, जिनके स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया है।

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 45 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन और ऑनलाइन सट्टा संचालन में इस्तेमाल की जा रही किया सेल्टोस कार जब्त की है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चला रहे थे सट्टा

जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से ALL Panel Exchange, Nasib 7777 (आईडी- 777rajU223), Golden Exchange, JMDBET, UNCLEBET9, GOLD24PRO, BIGEXCHANGE9 और OSHO777 जैसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और पैनल की जानकारी मिली है। इन्हीं प्लेटफॉर्म के जरिए आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे।