छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बिजली, पानी, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बिजली, पानी, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।

मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को सौंपे आवेदन में बताया कि, पिछले कई महीनों से शहर के अधिकांश इलाकों में लगातार बिजली गुल होने की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, गर्मी के मौसम में शहर के कई क्षेत्रों में पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल की खराब स्वास्थ्य सुविधाओं का भी मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस ने बताया कि अस्पताल की एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसके कारण मरीजों को निजी सेंटरों में महंगी जांच कराने मजबूर होना पड़ रहा है।

5-6 महीने से नहीं मिली पेंशन

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गरीब, विधवा, निराश्रित, वृद्ध और दिव्यांग हितग्राहियों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन पिछले 5-6 महीनों से नहीं मिली है। इससे जरूरतमंद लोगों को दवाई और दैनिक जरूरतों के लिए आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।

जल्द समाधान का आश्वासन

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि शहर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने सभी मुद्दों पर जल्द कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया है।