रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में पदस्थ जोन आयुक्त के वाहन चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में पदस्थ जोन आयुक्त के वाहन चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। चालक की शिकायत पर जोन अध्यक्ष और बीजेपी पार्षद मुरली शर्मा के बेटे अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित अलग-अलग धाराओं में FIR दर्ज की गई है। घटना से जुड़ा पीड़ित का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शिकायतकर्ता योगेन्द्र साहू (26), निवासी मठपुरैना ने पुलिस को बताया कि वह जोन क्रमांक-4 में जोन आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी के वाहन चालक हैं। योगेन्द्र के अनुसार, 30 जुलाई को अनिल शर्मा ने उन्हें नगर निगम कार्यालय बुलाया। वहां पहुंचते ही उसने कथित तौर पर कहा, “तू ही मैडम का ड्राइवर है?” और गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायत में आरोप है कि विरोध करने पर अनिल शर्मा ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में योगेन्द्र के सिर और कलाई में चोट आई है। यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जोन आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।

पहले भी मारपीट करने का आरोप

पीड़ित का दावा है कि अनिल शर्मा पहले भी नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चुका है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।