गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग रेल हादसों ने लोगों को झकझोर दिया

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग रेल हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। एक घटना में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस और जीआरपी जांच में जुटी है।

पहली घटना गौरेला थाना क्षेत्र की है। यहां उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी अरुण कुमार की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। अरुण गौरेला क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मामले की जांच जारी है।

कानपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से गिरा यात्री

दूसरी घटना पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास हुई। कानपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से सफर कर रहा एक यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान राजकुमार साहू (35) निवासी चित्रकूट, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह चित्रकूट से रायपुर जा रहा था।

मालगाड़ी के गार्ड ने बचाई जान

राजकुमार साहू ट्रेन से गिरने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ा था। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी के गार्ड की नजर उस पर पड़ी।

गार्ड ने तत्काल सूचना देकर युवक को पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल गौरेला भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बिलासपुर रेफर किया जा रहा है।

जीआरपी कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राजकुमार किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से नीचे गिरा।