छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने के मामले में 2 एसआई सस्पेंड हुए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने के मामले में 2 एसआई सस्पेंड हुए हैं। पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एक महिला को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया। आरोप है कि छोड़ने के लिए बेटी से 50 हजार की डिमांड की थी।

घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद SSP ने तुलसीराम साहू और साथ देने वाले खुर्सीपार में पदस्थ देव लाल साहू को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया है। बेटी का आरोप है कि साइबर क्राइम वालों ने भी उससे 2 लाख मांगे थे।

वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, पुरानी भिलाई थाना में दर्ज केस (क्रमांक 288/2026, एनडीपीएस एक्ट) से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

शुरुआती जांच में वायरल ऑडियो के आधार पर दोनों अधिकारियों की मिलीभगत पाई गई। SI तुलसीराम साहू ने रिश्वत मांगी और खुर्सीपार में पदस्थ SI देव लाल साहू ने भी साथ दिया। जो कि विभागीय नियमों के विपरीत होने पर SSP विजय अग्रवाल ने निलंबन की कार्रवाई की।

सीनियर अधिकारियों तक पैसे पहुंचाने का आरोप

जसबीर ने दावा किया है कि, उसने संबंधित बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी है। SI ने बातचीत के दौरान यह भी कहा था कि, कुछ रकम सीनियर अधिकारियों तक पहुंचानी होगी।

महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।

महिला ने यह भी दावा किया कि जिस मोबाइल फोन के आधार पर उसे बुलाया गया था, उससे संबंधित कागजात और अन्य जानकारी उसके पास मौजूद है।

3 दिन में मांगी गई रिपोर्ट

दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। छावनी नगर पुलिस अधीक्षक को 3 दिन के अंदर शुरुआती जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।