बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदी में दशहरा कार्यक्रम के दौरान चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदी में दशहरा कार्यक्रम के दौरान चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। आरोपी ने युवक को हाथ-मुक्कों से पीटने के बाद दांत से उसकी नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया।

इसके अलावा कान, गाल और हाथ की उंगली भी काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पलारी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित भुनेश्वर वर्मा (35) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना की रात करीब 9 बजे गांव में मंदिर के पास दशहरा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के दो लोगों के बीच विवाद और मारपीट हो रही थी। भुनेश्वर दोनों को शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा।

आरोप है कि इससे नाराज होकर डिगेश्वर साहू (22) ने भुनेश्वर को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने दांत से उसकी नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया। उसने कान, गाल और हाथ की उंगली को भी काट लिया। हमले में पीड़ित को गंभीर और गहरे घाव आए।

BNS की धाराओं में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित की रिपोर्ट पर पलारी थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने डिगेश्वर साहू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया।

थाना प्रभारी रागनी राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंसक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और हिंसक प्रवृत्ति के असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।