छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों से लूट करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों से लूट करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरोह ट्रकों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रोकता था और फिर ड्राइवरों से मोबाइल और कैदी लूटकर फरार हो जाता था। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ युवक वाहनों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रोकते हैं और ड्राइवरों के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इस बीच उर्दना के रहने वाले ड्राइवर ने रोहित कुमार पासवान (18) रिपोर्ट दर्ज कराई।

उसने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी सड़क पर मौजूद कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आ गई।

रोहित ने जैसे ही वाहन रोका, एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपियों की जानकारी मिली

घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम देलारी का रहने वाला रघुनाथ चौहान (25) अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है।

घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा

सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ग्राम देलारी में घेराबंदी कर रघुनाथ चौहान और उसके साथी शिव कुमार अघरिया (24) को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों प्रवीण राठिया (21), जय किशन सोनार (19) और किशन कंवर (27) के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

लूट के 6 मोबाइल जब्त किए गए

पुलिस ने शिव कुमार के पास से ट्रक चालकों से लूटे गए 6 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें ट्रक चालक रोहित का मोबाइल भी शामिल था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

डकैती की धारा जोड़ी गई

मामले में आरोपियों की पहचान परेड अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा के समक्ष कराई गई, जिसमें पीड़ित रोहित कुमार ने सभी आरोपियों की पहचान की। जांच में यह तथ्य सामने आने पर कि पांच आरोपियों ने मिलकर मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।

मामले में धारा 309(6) BNS को विलोपित कर धारा 310(2) BNS (डकैती) जोड़ी गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

कार्रवाई जारी रहेगी

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।