छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में डॉक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और अटेंडरों से बदसलूकी करने का आरोप है। यह भी आरोप है कि नशे में धुत डॉक्टर ने मरीज का इलाज करने से मना कर दिया। वहीं, मीडिया के लोगों से हाथापाई करने की कोशिश करता दिखा।
इसके अलावा शराबी डॉक्टर बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) के साथ बैठकर हंसते नजर आया। अस्पताल में डॉक्टर के हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जांच में सामने आया है कि अक्सर शराब पीकर ड्यूटी करता था।
नोटिस के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर डीके बिसेन ने बताया कि मामले की जानकारी अफसरों को दे दी गई है। मरीज के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस भी जांच कर रही है। मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक शराबी डॉक्टर का नाम डॉक्टर शैलेंद्र भोयर है, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल में पदस्थ है। बुधवार को वसीम मेमन अपने बीमार पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टर शैलेंद्र से इलाज करने का रिक्वेस्ट किया तो डॉक्टर भड़क गया।
आरोप है कि वसीम के साथ मिसबिहेव करते हुए मारपीट करने की कोशिश की। इसके बाद अटेंडर ने मामले की जानकारी मीडिया और केशकाल बीएमओ डॉ. डीके बिसेन को फोन पर दी। ऐसे में मीडियाकर्मी अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टर उनके साथ भी हाथापाई करने की कोशिश की।
पुलिस से भी उलझता रहा डॉक्टर
वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस दौरान वह पुलिसकर्मियों से छुड़ाकर जाने की कोशिश करता नजर आया। इस पूरे मामले में वसीम मेमन थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नर्स बोलीं- समझाइश के बाद भी सुधार नहीं
स्टाफ नर्स कांति मंडावी ने बताया कि डॉक्टर भोयर अक्सर शराब के नशे में अस्पताल पहुंचते हैं। कई बार उन्हें समझाने को कोशिश की गई। सीनियर अधिकारियों को भी सूचना दी गई, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
इससे पहले भी मरीजों और उनके रिश्तेदारों के साथ मिसबिहेव की शिकायतें सामने आ चुकी हैं