छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अपने ही घर के 2 बेटों को तंत्र-मंत्र कर मर्डर करने वाले परिवार को उम्रकैद हुई है। ग्राम तांदुलडीह में 2 साल पहले यह घटना हुई थी। जहां मां और बहनें घर पर तंत्र साधना करती थीं। भाइयों ने विरोध किया तो उन्हें पानी में कीटनाशक मिलाकर पिलाया और गला घोंट दिया।
मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है। जांच में सामने आया था कि, परिवार ने उज्जैन के उमाकांत नामक बाबा से गुरु दीक्षा ली थी। वारदात से 7 दिन पहले सभी आरोपी उपवास रखे थे। भाइयों को कमरे में बंद कर तंत्र पूजा कर रहे थे। आरोपियों में मां, 2 बहनें और एक भाई शामिल हैं, जिन्हें आजीवन कारावास हुआ है।
7 दिन तक घर में बंद था परिवार
पुलिस के मुताबिक, ग्राम तांदुलडीह की रहने वाली फिरीतबाई सिदार के 5 बच्चे (2 बेटियां 3 बेटे) हैं। अक्टूबर 2024 में वह अपने बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में लगातार 7 दिनों तक बंद थी। अंदर से चिल्लाने की आवाजें आतीं थी।
कई दिनों तक जब कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ, उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि घर के अंदर तंत्र साधना, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान चल रहे थे। कमरे में उज्जैन के एक बाबा की तस्वीर रखी गई थी और परिवार के सदस्य उपवास रखकर साधना कर रहे थे।
दोनों भाई जमीन पर अचेत पड़े मिले
बहन अमरिका सिदार गुरु का जाप कर रही थी, जबकि फिरीतबाई, चंद्रिका और विशाल धार्मिक अनुष्ठान में लीन थे। इसी दौरान परिवार के दो युवक विकास सिदार (25) और विक्की सिदार (22) अचेत जमीन पर पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।