दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित अर्जुन नगर में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान रूपेश वर्मा (25) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रूपेश टूर एंड ट्रेवल्स की गाड़ी चलाता था और इसी काम से परिवार का खर्च चलता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था।
मॉर्निंग वॉक पर निकला था
परिजनों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, रोज की तरह शनिवार करीब 5 बजे रूपेश टहलने के लिए निकला था। कुछ समय बाद वह वापस घर लौटा। इसके बाद उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। जब परिवार के लोगों ने उसे देखा तो तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जिससे घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। स्थानीय लोगों के अनुसार रूपेश पैसों को लेकर परेशान था।
आर्थिक दिक्कतों की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। वैशाली नगर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है।