कांकेर के नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से हाईवे को खोदने का प्रयास भी किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर ओवरब्रिज निर्माण, सीसीटीवी कैमरे लगाने और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो युवकों की मौत
ग्रामीण रूपेश्वर सिंह कड़ोपी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास ग्राम नांदनमारा के छोटेपारा निवासी ऋषि कोर्राम, पिता सुरेश, और नवीन कुमार यादव, पिता गंगेश्वर यादव, सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे डिवाइडर से टकराकर पलट गई और वहीं फंस गई। सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को तत्काल सड़क से हटाया।
ओवरब्रिज, CCTV और हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना चाहिए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और रात में पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाए।
ग्राम सरपंच मनोज कवाची ने कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर मांगें पूरी करने का आश्वासन दें। इसके बाद ही चक्काजाम समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।