राजापड़ाव क्षेत्र के हजारों आदिवासी मूल निवासी 10 जून को ग्राम अड़गडी में लेंगे बड़ा फैसला, ग्राम सभा शिलालेख भी बनेगा, 8 जून को SDM को सौंपेंगे 17 सूत्रीय मांगपत्र
पूरन मेश्राम/मैनपुर। जिला गरियाबंद के सुदूर वनांचल राजापड़ाव क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों ने आज बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। ग्राम गोना में रविवार को किसान संघर्ष समिति एवं जय अंबेडकरवादी युवा संगठन राजापड़ाव क्षेत्र की विशाल बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 जून बुधवार को ग्राम अड़गडी में हजारों ग्रामीण अपने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर बिजली की गुहार लगाएंगे।
79 साल की आजादी, फिर भी अंधेरा
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में स्थित राजापड़ाव क्षेत्र के अंतर्गत 8 ग्राम पंचायत और 48 ग्राम-पारा-टोला आते हैं। आजादी के 79 वर्ष बाद भी यहां के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन, पुल-पुलिया, शुद्ध पेयजल, सामुदायिक वन संसाधन, व्यक्तिगत वन पट्टा और बिजली के लिए तरस रहे हैं।
बैठक में बताया गया कि बड़ी मुश्किल से मात्र 3 ग्राम पंचायतों के मुख्य गांवों में बिजली पहुंची, लेकिन पारा-टोला आज भी छूट गए। 5 ग्राम पंचायतें पूरी तरह अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर हैं।
NOC का बहाना, PM ही आखिरी उम्मीद
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लगाने की बात आते ही उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व और NTCA से NOC का हवाला देकर मामला लटका दिया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यह काम केवल केंद्र सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ही संभव होगा। इसी के चलते 10 जून को ग्राम अड़गडी में होने वाली महा बैठक में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी जुटेंगे और अपने खून से प्रधानमंत्री को निवेदन पत्र लिखेंगे कि प्रधानमंत्री महोदय, हमारे 5 पंचायत और पारा-टोला में बिजली लगवा दो।
ग्राम सभा शिलालेख भी बनेगा
बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 जून को ही राजापड़ाव के समीप ग्राम सभा शिलालेख स्थापित किया जाएगा। इसके लिए हर गांव से ₹20 का सहयोग राशि एकत्र की जा रही है। यह शिलालेख PESA कानून के तहत ग्राम सभा के अधिकारों का प्रतीक होगा।
सुशासन तिहार में पूछे थे 17 सवाल, अब SDM को ज्ञापन
गौरतलब है कि 29 मई को ग्राम गोना में हुए सुशासन तिहार में क्षेत्रवासियों ने सरकार से 17 बुनियादी मांगों पर सवाल-जवाब किया था। उन मांगों को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए 8 जून सोमवार को SDM मैनपुर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में गूंजे नारे
जल-जंगल-जमीन हमारा है, बिजली-पानी अधिकार हमारा है।79 साल का अंधेरा अब नहीं सहेंगे” के नारों से गोना गांव गूंज उठा। बैठक में बुजुर्ग मुखिया सियान और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।
क्या कहते हैं आयोजक
“हमने धरना, प्रदर्शन, आवेदन, पदयात्रा, जन संवाद सब करके देख लिया। मामला जस का तस है। हजारों लोग आज भी लालटेन युग में जी रहे हैं। जब अधिकारी कहते हैं कि PM ही कर सकते हैं, तो अब हम सीधे PM को ही खून से चिट्ठी लिखेंगे। 10 जून को पूरा देश देखेगा आदिवासी का दर्द।
जय अंबेडकरवादी युवा संगठन राजापडा़व क्षेत्र
बैठक में मुख्य रूप से संजय नेताम जिला पंचायत सदस्य,पतंग मरकाम अध्यक्ष जय अंबेडकरवादी युवा संगठन, फूलचंद मरकाम जनपद सदस्य, सुनील मरकाम अध्यक्ष
सर्व आदिवासी समाज,
घनश्याम मरकाम सरपंच शोभा, दीनाचंद मरकाम सरपंच कोचेंगा, शंकर लाल नेताम सरपंच गरहाडीह, नरेश नेताम सरपंच प्रतिनिधि गोना, अजय नेताम पूर्व सरपंच भूतबेड़ा,
रमेश नेताम, महेश सूर्यवंशी, रोहन नेताम,रविन्द्र मरकाम, नकुल नागेश, पुरुषोत्तम परदे,हेमलाल नागेश, भगवान यादव, रामदेव मंडावी, नंदलाल नागेश, रमेश मरकाम, जितेंद्र मरकाम, गोवर्धन विश्वकर्मा, मालेश कुमार,राम सिंह नेताम,अरूण कुमार सहित क्षेत्र भर के सैकड़ो की संख्या में सियान जवान साथी शामिल रहे।
राजापड़ाव क्षेत्र का दर्द एक नजर में
कुल पंचायत 8
कुल गांव-पारा-टोला 48
बिजली वाले पंचायत 3 (वो भी आधे-अधूरे)
अंधेरे में पंचायत 5
मुख्य समस्या,, NTCA की NOC का बहाना
अगला कदम,,10 जून – खून से PM को चिट्ठी
10 जून का स्थान,,, ग्राम अड़गडी
8 जून SDM मैनपुर को 17 सूत्रीय ज्ञापन