छत्तीसगढ़ में पिछले 30 घंटे के भीतर हाथी के हमले में 4 लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में पिछले 30 घंटे के भीतर हाथी के हमले में 4 लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर में मंगलवार सुबह जंगल जा रहे पति-पत्नी को हाथी ने सुंड से पटक और कुचल कर मार डाला। इस घटना के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। घटना राजपुर वन परिक्षेत्र की है।

कोरिया में गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व इलाके में रविवार देर रात दंतैल हाथी ने सड़क निर्माण में लगे 2 मजदूरों पर हमला कर उन्हें मार डाला। दोनों मजदूर रात को सड़क किनारे सो रहे थे। घटना सोनहत वन परिक्षेत्र की है।

केस- 1 जंगल जा रहे थे दंपती

पहली घटना बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम कुंदी के बांधपारा में रहने वाले जूठन गोंड़ (65) अपनी पत्नी सुंदरी बाई (56) के साथ मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से कुछ दूर स्थित जंगल की ओर जा रहे थे।

घर से करीब 200 मीटर दूर पहुंचने पर दंपती का सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उनका पीछा कर लिया और दौड़ाकर दोनों को कुचल दिया।

मौके पर तोड़ा दम, पहुंचे अधिकारी

जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों घटना की जानकारी वन अमला की दी। एसडीओ फॉरेस्ट आरएसएल श्रीवास्तव, रेंजर अजय वर्मा सहित टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

5 हाथियों का घूम रहा

रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि 5 हाथियों का एक दल कल्याणपुर जंगल क्षेत्र में घूम कर रहा है। देर रात एक दंतैल हाथी दल से अलग होकर कुंदी गांव की ओर पहुंच गया था। फिलहाल हाथी पास के जंगल में मौजूद है और वन विभाग उसकी लगातार निगरानी कर रहा है।

ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

वन विभाग की ओर से हाथी की मौजूदगी की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। विभाग की टीम लगातार मुनादी और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।

परिजनों को दी गई तात्कालिक सहायता

वन विभाग ने मृतक दंपती के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपए किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार आगे की सहायता राशि की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

केस- 2 सड़क किनारे सो रहे 2 मजदूरों को हाथी ने मार-डाला

दूसरी घटना सोनहत वन परिक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के रामगढ़ से कोटाडोल तक 27 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा है। सड़क निर्माण में काम करने वाले दो युवक गौरव (22) और अमर सिंह (35) देवसील बस्ती के आगे सड़क किनारे सो रहे थे।

रात करीब 11.30 बजे एक दंतैल हाथी मौके पर पहुंचा और उसने दोनों पर हमला कर दिया। हाथी के हमले के दौरान पास ही बाकी मजदूर भी मौजूद थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। हमले की सूचना पर वन विभाग की टीम और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंचे।

एक ने अस्पताल पहुंचे से पहले तोड़ा दम

हाथी के हमले में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह को सोनहत लाया जा रहा था, रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। दोनों मृतक ग्राम नगर के निवासी बताए गए हैं, जो निर्माण कार्य में काम करने के लिए गए थे। वन विभाग ने आसपास के इलाके में लोगों को सतर्क कर दिया है।

दल से बिछड़े दंतैल ने किया हमला

इस मामले में रेंजर राजाराम ने बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र पिछले कुछ दिनों 8 हाथियों का दल घूम रहा है, जिनमें से एक हाथी दल से बिछड़ गया है। उस बिछड़े दंतैल ने ही दो मजदूरों पर हमला किया है, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को भी सतर्क रहने कहा गया है।