दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू भी शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अमलेश्वरडीह निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि 7 जून की रात करीब 11 बजे कुछ लोग कार क्रमांक CG04 NE 8055 से उसके घर पहुंचे और बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे।

शिकायत के मुताबिक, जब महिला ने गैलरी से बाहर आकर शोर-शराबे का कारण पूछा, तो आरोपी दीपक वर्मा, जय साहू और मोरध्वज साहू उर्फ मोनू ने उसके पति के बारे में पूछते हुए कथित रूप से अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और अभद्र टिप्पणियां कीं।

महिला का आरोप है कि आरोपियों ने अशोभनीय इशारे किए और घर में घुसने की भी कोशिश की। इसी दौरान उसके पति उमेश साहू बाहर आए तो उन्हें भी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

घटना के दौरान आसपास के लोगों ने भी हंगामा होते देखा और सुना। इसके बाद पीड़िता ने अमलेश्वर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 79 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त आधार मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

राजनीति में सक्रिय रहा है मोरध्वज साहू

मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मोरध्वज साहू उर्फ मोनू क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2019 में वे पाटन क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। बाद में वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।

वर्ष 2025 के नगरीय निकाय चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अमलेश्वर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी।

पहले भी विवादों में रहा नाम

मोरध्वज साहू का नाम पूर्व में भी विवादों से जुड़ चुका है। वर्ष 2022 में रायपुर के एक मीडिया कर्मी पर कथित हमले और उसकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार से जुड़े मामले में भी उनका नाम सामने आया था।

थाने पहुंचे दोनों पक्षों के बीच मारपीट,FIR दर्ज

इसी मामले में अमलेश्वर थाना परिसर पहुंचे दोनों पक्ष में मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के पूर्व उपाध्यक्ष उमेश साहू, उनकी पत्नी अनिता साहू तथा अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हेमंत साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि 8 जून 2026 को दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपने चाचा मोरध्वज साहू की जमानत संबंधी कार्य के सिलसिले में अमलेश्वर थाना पहुंचे थे।