बलौदाबाजार में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और बेहतर बनाने के लिए समन्वय बैठक आयोजित की गई

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और बेहतर बनाने के लिए समन्वय बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइन स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस बैठक में ट्रांसपोर्टर, बस संचालक और सड़क सुरक्षा मितान शामिल हुए।

बैठक में एसपी ओपी शर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन मालिकों को फिटनेस मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

एसपी ने अधिकारियों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है।

सड़क हादसे में मदद करने वाले चार लोगों का सम्मान

बैठक के दौरान ग्राम दरचुरा में हुए भीषण सड़क हादसे के घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले चार गुड सेमेरिटन (सहायक नागरिकों) को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान दिया गया।

इन लोगों को मिला सम्मान

सम्मानित होने वालों में लोकेश साहू, मोहम्मद शाहिद रजा, मनोज माण्डे और नारायण पाल शामिल हैं। इन सभी ने दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जिससे कई लोगों की जान बच सकी।

‘गोल्डन ऑवर’ का महत्व बताया

एसपी शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा यानी ‘गोल्डन ऑवर’ बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है।

लोगों से मदद के लिए आगे आने की अपील

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि दुर्घटना होने पर बिना किसी डर या कानूनी परेशानी की चिंता किए घायलों की मदद करें और उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।

पुलिस को सहयोग का भरोसा

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय साहू, यातायात शाखा के अधिकारी, बस एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे। सभी ने सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।