रायगढ़ जिले में अवैध रूप से लोहे का कबाड़ ले जा रहे ट्रक को पुलिस ने सूरजगढ़ पुल के पास पकड़ लिया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में अवैध रूप से लोहे का कबाड़ ले जा रहे ट्रक को पुलिस ने सूरजगढ़ पुल के पास पकड़ लिया। जांच के दौरान स्क्रैप से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने पर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप और ट्रक समेत कुल 9.22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।

मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरिया-सारंगढ़ की ओर से एक ट्रक में अवैध लोहे का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सूरजगढ़ पुल के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर पूछताछ की गई।

चालक ने अपना नाम रामा विश्वकर्मा (38) निवासी नुआसाही वार्ड क्रमांक-12, थाना करंजिया, जिला मयूरभंज (ओडिशा) बताया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड मिला। पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप है। पुलिस ने परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में चालक को हिरासत में लेकर ट्रक और स्क्रैप को जब्त कर थाने लाया। आशंका जताई जा रही है कि स्क्रैप को किसी औद्योगिक इकाई या प्लांट में खपाने की तैयारी थी।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार जब्त लोहे के स्क्रैप की कीमत 1.22 लाख रुपए और ट्रक की कीमत करीब 8 लाख रुपए है। दोनों को मिलाकर कुल 9.22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

अवैध कबाड़ पर पुलिस की सख्त निगरानी

SSP शशिमोहन सिंह ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर पुलिस की विशेष निगरानी है। चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध कबाड़ के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।