छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उधारी की रकम वसूलने के लिए 3 बदमाशों ने कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट की और 10 लाख रुपए की मांग की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उधारी की रकम वसूलने के लिए 3 बदमाशों ने कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट की और 10 लाख रुपए की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आशीर्वाद पुरम कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय कमलेश सिंह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं। कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का करीब 7 लाख रुपए का भुगतान आर्थिक तंगी के कारण वह पिछले तीन सालों से नहीं कर पाए थे।

गुरुवार दोपहर कपिल सोलंकी अपने साथी मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ कमलेश सिंह के घर पहुंचा। आरोप है कि तीनों जबरन घर में घुस गए और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तू हम लोगों को नहीं जानता है, तेरा मर्डर करवा देंगे।

आरोपियों ने ललेश अग्रवाल का पैसा वापस करने की बात कहते हुए कमलेश सिंह से 10 लाख रुपए की मांग की। विरोध करने पर तीनों ने डंडे, हाथ और मुक्कों से उनकी जमकर पिटाई कर दी।घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी (36) निवासी गुजराती पारा स्टेशन चौक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों गिरीश माखीजा (38) और मनीष परियानी (34) के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

3 आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार कपिल सोलंकी कोतवाली थाना क्षेत्र का निगरानी गुंडा बदमाश है। साल 2014 से उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं।

मनीष परियानी के खिलाफ लूट, प्रताड़ना, मारपीट, आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट के कई मामलों दर्ज हैं। उसके खिलाफ 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है और जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।

वहीं गिरीश माखीजा के खिलाफ जुआ, सट्टा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे गुंडा सूची में शामिल करने की कार्रवाई कर रही है।

SSP ने दी चेतावनी

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घर में घुसकर मारपीट करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।