जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार से बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बनवारी यादव और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार से बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बनवारी यादव और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।

यह घटना ग्राम बनाहिल के साप्ताहिक बाजार में 14 जून को हुई थी। ग्राम पकरिया निवासी समीर मेहर अपने भाई के साथ सब्जी खरीदने बाजार गए थे। उन्होंने अपनी काले रंग की बाइक (CG 11BM 9757) को बाजार परिसर में हैंडल लॉक करके खड़ा किया था।

सब्जी खरीदने के बाद जब दोनों भाई वापस लौटे, तो उन्हें अपनी बाइक वहां नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। समीर मेहर की शिकायत पर मुलमुला पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही बनवारी यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान बनवारी यादव ने स्वीकार किया कि उसने एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर बाजार से बाइक चोरी की थी। पुलिस ने बनवारी यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

राइस मिल से धान चोरी, 8 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस ने पामगढ़ थाना क्षेत्र के सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का धान, वाहन और नकदी बरामद की है।

घटना 14 जून की रात चंडीपारा स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई थी। बताया गया है कि जब चौकीदार खाना खाने के लिए मुख्य गेट की ओर गया, तभी बदमाशों ने पीछे की फेंसिंग काटकर मिल परिसर में प्रवेश किया। उन्होंने धान की बोरियां बाहर निकाल लीं।

कुछ देर बाद चौकीदार ने फेंसिंग के पास खेत में धान की बोरियां और बिखरा हुआ धान देखा। इसके बाद उसने तत्काल राइस मिल प्रबंधन को सूचना दी।

50 कट्टी धान गायब पाया गया अगले दिन की जांच में मिल से लगभग 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। मिल संचालक ऋषि सिंह की शिकायत पर पामगढ़ थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिल टीम ने मुखबिरों की सूचना पर अकलतरा और चंडीपारा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 8 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

65 कट्टी धान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अकलतरा स्थित एक राइस मिल से 65 कट्टी धान बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और 21 हजार रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजा लहरे, रामकुमार भार्गव, कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला, बीर सिंह बंजारे, अजय पाटले, लक्ष्मी कुमार सिन्हा, शैलेष राय और राकेश कुमार साहू शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।