सक्ती जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान कुल 21 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर की गई। आबकारी वृत्त सक्ती और जैजैपुर की संयुक्त टीम ने शिकायत मिलने के बाद अभियान चलाया। आबकारी विभाग ने पहले छद्म खरीदार के जरिए महुआ शराब खरीदकर शिकायत की पुष्टि की। इसके बाद संबंधित स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम बस्ती बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 10 में की गई। यहां राजकुमारी लहरे के घर अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिली थी। छापेमारी के दौरान एक प्लास्टिक जरीकेन में 5 लीटर और चार प्लास्टिक बोतलों में 8 लीटर, कुल 13 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
कैथा गांव में 8 लीटर शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कैथा के वार्ड क्रमांक 12 में की गई। यहां पीली बाई के घर से अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान प्लास्टिक थैले में रखी चार बोतलों से कुल 8 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
दोनों आरोपी जेल भेजी गईं
दोनों मामलों में आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।