मुंगेली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत सरगांव पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesमुंगेली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत सरगांव पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 लाख 46 हजार रुपए से अधिक की नशीली टैबलेट जब्त की है।

दरअसल, सरगांव थाना क्षेत्र में 21 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि नगर पंचायत तिराहा, सरगांव बस्ती मोड़ के पास एक व्यक्ति ग्रे रंग के पिट्ठू बैग में अवैध नशीली टैबलेट रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

हुलिए के आधार पर पकड़ा गया

सूचना के आधार पर साइबर सेल और सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद साजिद (37) बताया, जो रांची, झारखंड का निवासी है। वर्तमान में कोरबा, छत्तीसगढ़ के ग्राम नुनेरा में रह रहा था।

ये नशीली टैबलेट मिलीं

गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर मोहम्मद साजिद की जेब से 4900 रुपए कैश और पिट्ठू बैग के अंदर पारदर्शी पन्नी में प्रतिबंधित NRx Nitrazepam Tablets IP Nitrosun® 10 के 6 स्ट्रिप मिले। इन स्ट्रिप में कुल 57 नग नशीली टैबलेट थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 2,46,540 रुपए है।

पुलिस ने मोहम्मद साजिद को नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 (बी), 22 (बी), 29 के तहत गिरफ्तार कर 22 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।