बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों, आदतन बदमाशों और चाकूबाजों पर अंकुश लगाने के लिए आज सुबह रेड और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के कई थानों की पुलिस टीमों ने 85 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आदतन चाकूबाजों, निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया।
एसएसपी और डीआईजी रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं, 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया। अभियान के दौरान 4 व्यक्तियों को अवैध धारदार हथियारों के साथ पकड़ा गया, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, भय उत्पन्न करने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर भी शामिल है
अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि ऐसे तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।