जांजगीर-चांपा जिले में एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले में एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना ग्राम मुड़पार (ब) स्थित जोगिया नाला के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक अपनी पत्नी को सहायिका प्रशिक्षण केंद्र छोड़कर घर लौट रहा था।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यह मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान ग्राम कुलीपोटा निवासी शिव कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिव कुमार अपनी पत्नी नर्मदा बाई को पामगढ़ स्थित बीआरसी केंद्र में आयोजित सहायिका प्रशिक्षण कार्यक्रम में छोड़ने गया था। पत्नी को प्रशिक्षण केंद्र में छोड़ने के बाद वह अपने गांव लौट रहा था।

ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

जोगिया नाला के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर सवार अन्य दो युवक खतरा भांपकर सड़क किनारे कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, शिव कुमार खुद को नहीं बचा पाए और ट्रेलर की टक्कर से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता व्यक्त की है और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

पामगढ़ पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।