बालोद में सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना बालोद थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, खपरी मालीघोरी राइस मिल के पास हुए हादसे में रेंगनी निवासी भोजराज ठाकुर (36) की मौके पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार शिकारीपारा बालोद निवासी लोकेश दास (30) घायल हो गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। SI कमला यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में टर्निंग पर तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की जानकारी सामने आई है।
टर्निंग बना हादसों का कारण
स्थानीय निवासी फिरोज तिगाला ने बताया कि जुझारा नाला के पास स्थित मोड़ पर हर साल कई सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। टर्निंग और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां औसतन पांच सड़क हादसे होते हैं। दो साल पहले भी इसी क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने मोड़ पर सुधार कार्य कराने की मांग करते हुए कहा कि सामने से आने वाले वाहनों का स्पष्ट दृश्य नहीं मिलने और ओवरटेकिंग व तेज रफ्तार के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।