दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोसायटी के चावल के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मालवाहक वाहन को पकड़ा है। वाहन से 14 कट्टा चावल बरामद किया गया है। ड्राइवर चावल के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने जब्ती कार्रवाई की।
मामले में खाद्य विभाग के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सन्नी साव (28) के रूप में हुई है। वह सुपेला थाना क्षेत्र के पांच रास्ता स्थित कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 कट्टा चावल और एक मालवाहक वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग के मालवाहक टेम्पो में लगातार सोसायटी का चावल अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस की टीम ने राजीव नगर स्थित ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने बजाज मैक्सीमा मालवाहक वाहन (CG 07 CV 2329) की तलाशी ली। वाहन में प्लास्टिक की बोरियों में भरा 14 कट्टा सोसायटी चावल बरामद हुआ। पुलिस ने चालक से चावल के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
चालक नहीं बता सका चावल किसका है
पुलिस की पूछताछ में चालक चावल के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। उसने अलग-अलग जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन समेत थाना पहुंचाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
खाद्य विभाग के साथ मिलकर हो रही जांच
मामले की सूचना खाद्य विभाग को भी दी गई है। पुलिस और खाद्य विभाग की टीम संयुक्त रूप से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि चावल कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही अवैध परिवहन में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।