दुर्ग जिले की नेवई पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले की नेवई पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 52 हजार रुपए कीमत की अल्प्राजोलम (Alprazolam) टेबलेट बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक 24 जून को सूचना मिली थी कि स्टेशन मरौदा क्षेत्र का एक युवक घर के पास ही शिवपारा स्थित शीतला तालाब के पास नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में है। वहां पर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर रेड कार्रवाई की। पुलिस जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां मौजूद युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

52 हजार कीमत की प्रतिबंधित दवाएं जब्त पूछताछ के दौरान उसकी पहचान सुजल सिंह (22) निवासी स्टेशन मरौदा, शिवपारा शीतला तालाब के पास, थाना नेवई के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं। इन टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपए आंकी है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मौके पर आरोपी के पास से नशीली टेबलेट मिलने के बाद उसे तत्काल हिरासत में लिया गया। जब्त सामग्री को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कब्जे में लिया गया। नेवई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (बी) के तहत मामला कायम किया गया है। आरोपी इन टेबलेट को कहां से लाया था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।