भारतमाला प्रोजेक्ट में काम कर रही एसएमएस लिमिटेड कंपनी के स्क्रैप की तौल में गड़बड़ी सामने आई

Chhattisgarh Crimesभारतमाला प्रोजेक्ट में काम कर रही एसएमएस लिमिटेड कंपनी के स्क्रैप की तौल में गड़बड़ी सामने आई है। उतई थाना पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर धर्मकांटा ऑपरेटर और स्क्रैप कारोबारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि दोनों ने मिलकर धर्मकांटा मशीन में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाकर स्क्रैप से भरे वाहनों का वजन वास्तविक से कम दर्ज किया, जिससे कंपनी को लगातार आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।पुलिस ने मामले में धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

एसएमएस लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव (एचआर) नागेंद्र शर्मा ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि भारतमाला प्रोजेक्ट के दौरान निकलने वाले स्क्रैप की बिक्री का ठेका गुरुदेव स्क्रैप ट्रेडर्स को दिया गया था।

जिसमें स्टील की रॉड के टुकड़े और अन्य बेकार लोहे का सामान शामिल हैं। फर्म की ओर से रायपुर निवासी अवतार सिंह स्क्रैप से भरे वाहनों की साइट पर बने धर्मकांटा में तौल कराता था।

स्क्रैप और दर्ज वजन में मिल रहा था अंतर

कंपनी के अधिकारियों को पिछले कुछ दिनों से तौल में गड़बड़ी की आशंका थी। स्क्रैप की वास्तविक मात्रा और धर्मकांटा मशीन में दर्ज वजन के बीच लगातार अंतर पाया जा रहा था। इसके बाद 23 जून को कंपनी ने मशीन की तकनीकी जांच कराई।

जांच के दौरान सर्विस इंजीनियर को मशीन के अंदर एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगी मिली। इंजीनियर के अनुसार, इस डिवाइस का उपयोग मशीन की रीडिंग में छेड़छाड़ करने के लिए किया जा रहा था। इसके कारण स्क्रैप से भरे वाहनों का वजन वास्तविक से कम दर्ज हो रहा था, जिससे कंपनी को हर बार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।

पूछताछ में हुआ खुलासा

कंपनी द्वारा पूछताछ किए जाने पर धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू ने स्वीकार किया कि यह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उसे स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह ने दी थी। उसी के कहने पर मशीन में डिवाइस लगाई गई थी, ताकि स्क्रैप का वजन कम दिखाया जा सके और उसका अनुचित लाभ उठाया जा सके।

कंपनी के अनुसार, पिछले करीब 20 दिनों से इसी तरीके से तौल में गड़बड़ी की जा रही थी, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।