रायपुर के अभनपुर में 10 दिनों तक चले कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। शिविर के दौरान तय किया गया कि अब जिला अध्यक्षों के कामकाज का मूल्यांकन रेड, येलो और ग्रीन कैटेगरी में किया जाएगा।
इसके साथ ही ग्रीन कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले, येलो कैटेगरी में सुधार की जरूरत वाले और रेड कैटेगरी में कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्ष शामिल किए जाएंगे। इसी आधार पर संगठन उनकी कार्यशैली और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करेगा।
इसके अलावा जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिले के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। उन्हें जनता के बीच विधायकों की छवि, सक्रियता और जनसंपर्क को लेकर सर्वे कर उसकी रिपोर्ट संगठन को सौंपनी होगी।
विधायकों पर भी रहेगी नजर, जनता से फीडबैक लेंगे जिलाध्यक्ष
प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जिले के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करें। इसके लिए जनता के बीच जाकर यह भी पता लगाया जाएगा कि विधायक के कामकाज को लेकर लोगों की क्या राय है। संगठन इस फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगा।
जुजुत्सू की भी दी गई ट्रेनिंग
शिविर के दौरान जिलाध्यक्षों को जुजुत्सू (Jiu-Jitsu) का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें उन्हें सिखाया गया कि विरोध-प्रदर्शन या तनावपूर्ण परिस्थितियों में किस तरह संयम बनाए रखना है, आवेश में नहीं आना है और विपरीत हालात में भी शांत रहकर स्थिति को संभालना है।
10 दिन तक चला प्रशिक्षण
रायपुर में जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण 10 दिनों तक चला। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति, मीडिया प्रबंधन और जनता से बेहतर संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंचे थे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला अध्यक्षों को टिप्स दिए थे।
समापन पर सरकार पर साधा निशाना
प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में रेत माफिया का बोलबाला है और स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस इन मुद्दों को गांव-गांव तक लेकर जाएगी।
बैज ने कहा, “10 दिन के मंथन से अमृत जरूर निकलेगा। भाजपा इंतजार करे, दो साल बाद सरकार को गांवों में जाने से पहले सोचना पड़ेगा।”
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कहा कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में असंतोष है और युवाओं की आवाज दबाई जा रही है। कांग्रेस इन सभी स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।