छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मर्ग जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने 11 साल बाद गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मर्ग जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने 11 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर पथराव किया था और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ भी की थी। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 1 जून 2015 को पुलिस एक मामले में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कुर्रा निवासी हेमा राठिया (35) अपने साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सिमो और बाइकों में सवार होकर मौके पर पहुंचा। सभी के पास लाठी, डंडे और लकड़ी की फालियां थीं।

पुलिस टीम से की मारपीट, सरकारी वाहन तोड़े

आरोपियों ने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालते हुए बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों पर हमला कर मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और शासकीय वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें डैमेज कर दिया। घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

बलवा समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ था मामला

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 186, 353, 452, 294, 506, 323, 332, 336 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया, लेकिन मुख्य आरोपी हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था।

गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली कि हेमा राठिया अपने गांव आया हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

SSP बोले- कोई भी अपराधी बच नहीं सकता

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत ऐसे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं सकता। 11 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।