दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी का खुलासा करते हुए केरल के पलक्कड़ जिले से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी का खुलासा करते हुए केरल के पलक्कड़ जिले से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आधार कार्ड वेरिफिकेशन और मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर बचेली निवासी एक शख्स से 19.50 लाख रुपए की ठगी की थी।

साइबर सेल की फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक जांच के आधार पर दोनों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी किराए के बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन कर उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर धन के स्रोत और सबूत छिपाने की कोशिश करते थे।

आरोपियों के खातों में करीब 9 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन मिले हैं, जबकि इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत देश के 9 राज्यों में 17 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। बचेली थाना में दर्ज साइबर ठगी के इस मामले की जांच के दौरान साइबर सेल दंतेवाड़ा ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रेल और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, बचेली निवासी पीड़ित को 15 अक्टूबर 2025 से 30 अक्टूबर 2025 के बीच आधार कार्ड वेरिफिकेशन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने का डर दिखाया गया। ठगों ने डिजिटल माध्यम से दबाव बनाकर उससे कुल 19 लाख 50 हजार रुपए अलग-अलग माध्यमों से अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

मामले में बचेली थाना में FIR दर्ज की गई। जांच के दौरान साइबर सेल ने बैंक लेनदेन और पैसों के ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की। साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से यह पता लगाया गया कि ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई। इसके बाद निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव सहित संयुक्त टीम को 16 जून 2026 को केरल भेजा गया।

किराए के बैंक खातों से ट्रांसफर करते थे ठगी की रकम

लगातार तकनीकी निगरानी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पलक्कड़ जिले के पट्टाम्बी थाना क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बैंक खातों को किराए पर लेकर साइबर ठगी की रकम को उन खातों के माध्यम से इधर-उधर ट्रांसफर करते थे।

इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर जांच एजेंसियों से बचने और धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था। पुलिस जांच में आरोपियों में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान और तमिलनाडु सहित 9 राज्यों में कुल 17 साइबर शिकायतें दर्ज होना भी सामने आया है।

गिरफ्तार आरोपियों का नाम मोहम्मद अंसार (22) और पी.यू. मोहम्मद रूशीद (22) है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, ATM कार्ड, बैंक पासबुक तथा नगद राशि जब्त की है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

दंतेवाड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की गई है कि आधार कार्ड वेरिफिकेशन, मनी लॉन्ड्रिंग, डिजिटल अरेस्ट अथवा किसी अन्य बहाने से यदि कोई व्यक्ति धनराशि की मांग करता है तो उसके झांसे में न आएं।

किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें।