छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण हाथियों को दौड़ाते और उन पर पत्थर, पटाखे फेंकते नजर आए थे। वीडियो के आधार पर वन विभाग ने गुरुवार को 2 युवकों को गिरफ्तार किया है।

मामला घरघोड़ा रेंज का है। दरअसल, शनिवार (27 जून) सुबह 2 हाथी जंगल से निकलकर छर्राटांगर बस्ती के पास पहुंच गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें दौड़ाया और उन पर पत्थर, पटाखे फेंके। इससे हाथी घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

वहीं, इस मामले में डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) अरविंद पीएम ने कहा कि वन्यप्राणियों से छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।

आरोपियों की पहचान के बाद दोनों गिरफ्तार

वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने वीडियो और अन्य फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान मनमोहन राठिया (30) और करम सिंह राठिया (33) की पहचान हुई। गुरुवार को टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हाथियों पर रखी जा रही है नजर

वन विभाग ने बताया कि इलाके में हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। जब भी हाथी किसी गांव या बस्ती के पास पहुंचते हैं, वन विभाग की टीम मौके पर रहती है। इसके बावजूद कुछ लोग अधिकारियों की बात नहीं मानते, जिससे ऐसी घटनाएं होती हैं।

DFO बोले- हाथियों के पास न जाएं

डीएफओ अरविंद पीएम ने बताया कि हाथियों को दौड़ाने और उन पर पत्थर, पटाखे फेंकने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आज उन्होंने कोर्ट में पेश किया जाएगा।

DFO ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के पास न जाएं और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों के साथ सेल्फी, रील या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। हाथियों के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।