रायपुर में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की चर्चा की गई। जिन विकासखंडों का प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें नोटिस जारी करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देश दिए गए।
साथ ही अगली बैठक में पिछली और वर्तमान प्रगति की रिपोर्ट साथ प्रस्तुत करने को कहा गया। सभी अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए योजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम में जिले की कम प्रगति पर टीम बनाकर काम करने, निजी अस्पतालों की लंबित ऑनलाइन एंट्री पूरी कराने और जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने को कहा गया। भवन विहीन स्वास्थ्य संस्थानों की जानकारी भी मांगी गई।
वय वंदना कार्ड जल्द बनाने पर जोर
सीईओ ने स्वास्थ्य विभाग के सभी खाली पदों पर जल्द भर्ती करने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली राशि समय पर देने के लिए कहा गया। साथ ही जननी पोर्टल, यू-विन पोर्टल और अन्य जरूरी ऑनलाइन एंट्री समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लोगों के आयुष्मान और वय वंदना कार्ड जल्द बनाने पर जोर दिया गया। वहीं तिल्दा के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में बच्चों की कम संख्या पर महिला एवं बाल विकास विभाग को जरूरतमंद बच्चों को वहां भेजने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, डीपीएम मनीष कुमार मेजरवार सहित दोनों विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।