छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। पिछले 48 घंटे से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण कई शहरों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। रायपुर के टाटीबंध सहित कई निचले इलाकों में घरों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश का असर अलग-अलग जिलों में भी देखने को मिला। बिलासपुर में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, भिलाई में लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कें लबालब हो गईं। सुपेला कोसा नाला, नेहरू नगर, राधिका नगर, तालपुरी और कैंप क्षेत्र में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि वे तालाब जैसी नजर आने लगीं।