छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवक ने दूसरी शादी कर ली, लेकिन उसके बाद भी युवक दबाव बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहा। बाद में युवक ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद पीड़िता ने मामले की सूचना थाना में दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार 3 जुलाई को थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा से धरमजयगढ़ थाना को जांच के लिए केस की फाइल (जांच डायरी) मिली। इसमें 22 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत की थी कि साल 2018 में धरमजयगढ़ में अपने किराये के मकान के पास रहने वाले पंकज गुप्ता (30 वर्ष), निवासी गोधनपुर, अंबिकापुर से उसकी पहचान हुई थी।

पीड़िता ने बताया कि जब वह नाबालिग थी, तब पंकज ने उससे प्यार और शादी का झूठा आश्वासन दिया और 20 जून 2018 को घर में अकेला पाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पंकज ने शादी का भरोसा देकर किसी को घटना की जानकारी नहीं देने को कहा। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

दबाव बनाकर बनाते रहा शारीरिक संबंध

साल 2019 में पंकज ने दूसरी युवती से शादी कर ली, लेकिन इसके बाद भी वह पीड़िता पर दबाव बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

विरोध करने पर पंकज आत्महत्या करने, खुद को नुकसान पहुंचाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़िता को डराता था।

इसके बाद पीड़िता आगे की पढ़ाई के लिए रायगढ़ और बाद में अंबिकापुर चली गई, लेकिन पंकज वहां भी उसके किराये के मकानों तक पहुंचकर लगातार उसका पीछा करता रहा।

बाद में शादी से किया इनकार

इस दौरान पंकज ने कई बार यह कहकर शादी का आश्वासन दिया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है और वह अब पीड़िता से शादी करेगा।

इस झूठे विश्वास में रखकर आरोपी ने वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में पंकज गुप्ता ने पीड़िता से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में पीड़िता ने थाना में इसकी सूचना दी।

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

पीड़िता की शिकायत पर थाना धरमजयगढ़ में पंकज गुप्ता के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ तत्काल व कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।