राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया।

पश्चिम क्षेत्र में संचालित 10 स्पा सेंटरों पर पुलिस टीम ने एक साथ सरप्राइज चेकिंग की। इस दौरान दस्तावेजों से लेकर सीसीटीवी व्यवस्था और कर्मचारियों के सत्यापन तक की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि नियमों का उल्लंघन या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि यह अभियान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

इन इलाको में की गई जांच

पुलिस ने सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कर्मचारियों के पहचान पत्र, आगंतुकों का रिकॉर्ड, वैधानिक दस्तावेज, लाइसेंस, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति का परीक्षण किया गया। साथ ही यह भी देखा गया कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।

स्पा संचालकों को दिया ये निर्देश

निरीक्षण के दौरान संचालकों को सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने और सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शासन द्वारा तय नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इससे नियमों का पालन सुनिश्चित होगा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।