छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर भी भारी बारिश की संभावना है। गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 110 मिमी बारिश प्रतापपुर में रिकॉर्ड की गई।
हालांकि, लगातार बारिश के बावजूद पूरे मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 24% कम बारिश हुई है। यानी बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।