भिलाई में सोमवार देर रात सेक्टर-5 स्थित जेपी चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesभिलाई में सोमवार देर रात सेक्टर-5 स्थित जेपी चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार BSP कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों का इलाज दुर्ग जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी श्याम राव के रूप में हुई है। वे भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में कार्यरत थे। सोमवार को वे अपने दो साथियों के साथ मरोदा स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां से लौटकर उन्हें नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर जाना था।

रात में तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 के जेपी चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्याम राव की मौके पर ही मौत हो गई।

उनके साथ मौजूद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, श्याम राव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

हाईवा चालक हुआ फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि श्याम राव नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही सड़क हादसे ने उनकी जान ले ली।

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।