फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ‘लॉन्ग एशिया’ पर देशभर के 1 लाख से ज्यादा निवेशकों से अरबों रुपए की ठगी का आरोप है। निवेशकों का आरोप है कि कुलजीत सिंह भाटिया और उसके साथियों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन निवेश कराया।
शुरुआत में अच्छा रिटर्न दिया, लेकिन फरवरी 2026 से “टेक्निकल इश्यू” का हवाला देकर विथड्रॉल बंद कर दिया। इससे निवेशकों के अरबों रुपए फंस गए।
इसी मामले में 10 राज्यों से आए 100 से अधिक निवेशक शुक्रवार को डोंगरगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने रेलवे चौक स्थित आरोपी कुलजीत सिंह भाटिया के घर का घेराव किया, फिर डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दी।
एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि बाहरी राज्यों से आए निवेशकों ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
इन्वेस्टरों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
नागपुर के इन्वेस्टर रविशंकर बाघ ने आरोप लगाया कि कुलजीत सिंह भाटिया, जोगेंद्र वर्मा और अभय कुनले समेत कुछ लोगों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराया। उन्होंने कहा कि प्रभावित इन्वेस्टर राजनांदगांव एसपी और रेंज आईजी से मिलकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे।