एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत

Chhattisgarh Crimesएमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपनी बच्ची को स्कूल से लेने जा रही थी। इसी दौरान पहले एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी और सड़क पर गिरने के बाद बिजली विभाग की एक पिकअप गाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतका की पहचान रीना रवि के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब वह स्कूटी से स्कूल की ओर जा रही थीं। पीछे से आई एक कार की टक्कर से वह सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही बिजली विभाग की पिकअप उन्हें कुचलते हुए निकल गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल रीना को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पिकअप चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद बिजली विभाग की पिकअप का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जांच शुरू, चालक की तलाश जारी

पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। परिजनों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।