सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 10 हजार के चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं।

दरअसल, ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने 18 जुलाई को प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोनू मोबाइल दुकान की पिछली दीवार तोड़कर प्रवेश किया। चोर 16 मोबाइल, दो सीसीटीवी कैमरे, एक एलईडी टीवी और 2 हजार नकद चुरा ले गए थे।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

चोरी हुए सामान की कुल कीमत 2.86 लाख से अधिक आंकी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

कबीर चबूतरा के पास फोन छोड़कर भागे चोर

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस की सक्रियता से घबराकर चोरी किए गए 9 मोबाइल फोन कबीर चबूतरा के पास छोड़कर भाग गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पूछताछ में मुनेश्वर सिंह उईके (21), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20) और एक नाबालिग ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

टीवी, सीसीटीवी और बाकी मोबाइल नदी में फेंके

आरोपियों की निशानदेही पर मुल्ले प्रताप सिंह (19) को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस से बचने के लिए उन्होंने चोरी के चार मोबाइल, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी को नदी में फेंक दिया था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।