सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में शिवप्रसाद नगर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बसदेई चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन के समीप शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की अनुमानित उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।प्रारंभिक जांच में युवक की कमर पर चोट के निशान मिले हैं। चोट कैसे लगी और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
बसदेई चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।