बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम खाती में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार, पत्थर और हाथ-मुक्के से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम खाती में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार, पत्थर और हाथ-मुक्के से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम घिवरी निवासी महेंद्र निर्मलकर (42) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 सितंबर 2026 को वह जीवन लोधी और यशवंत उर्फ गोलू के साथ मोटरसाइकिल से खम्हरिया से अपने घर लौट रहे थे।

रात करीब 7 से 8 बजे ग्राम खाती स्थित सेवा सहकारी समिति के सामने आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाई और एक राय होकर हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक, जीवन लोधी ने धारदार वस्तु और पत्थर से, जबकि यशवंत उर्फ गोलू ने हाथ-मुक्के से हमला कर महेंद्र को गंभीर चोटें पहुंचाईं।

जिला अस्पताल से रायपुर किया रेफर

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महेंद्र को डायल 112 के जरिए जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

मामले में थानखम्हरिया पुलिस ने BNS की धारा 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घिवरी निवासी यशवंत उर्फ गोलू निर्मलकर (27), पिता रमेश निर्मलकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने जीवन लोधी के साथ मिलकर हमला करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने यशवंत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी जीवन लोधी की तलाश जारी है।