छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू ने हमला कर भाई और बहन को मार डाला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू ने हमला कर भाई और बहन को मार डाला। मारने के बाद उनके शवों को नोचता रहा, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर की है। हमले में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव का है।

वहीं दूसरी घटना में भालू के हमले से महिला ने दम तोड़ दिया। यह घटना भी नरहरपुर वन परिक्षेत्र के गवरसिल्ली गांव की है। मरने वालों की पहचान हलाल जुर्री (45), खोरीन बाई (40) और चमरीन जुर्री के रूप में हुई है। सभी खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान भालू ने हमला कर दिया।

नरहरपुर वन परिक्षेत्र में भालू गांव के आसपास ही मौजूद था। वन विभाग ने रायपुर से टीम बुलाई। टीम ने भालू को बेहोश कर पिंजरे में डाला। इस दौरान ग्रामीणों में काफी आक्रोश दिखा। गांव वाले भालू को मारने की मांग कर रहे थे।

मानसिक रूप से बीमार है भालू

जानकारी के अनुसार, भालू मानसिक रूप से बीमार है। बताया जा रहा है कि इससे पहले मादा भालू ने अपने बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला था। इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी, जिसके बाद गांव में मुनादी कराई गई थी, लेकिन गांव के छोटेपारा में मुनादी नहीं कराई जा सकी। इसकी वजह से आज भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना से ग्रामीण आक्रोशित हैं।

गांव वालों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ। उन्होंने समय रहते वन अमले को इसकी सूचना दे दी थी। इसके बावजूद विभाग ने इसकी अनदेखी की और कोई आवश्यक कार्रवाई नहीं की, जिससे यह घटना हुई।

वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू ने वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला किया, जिससे अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अलर्ट रहना पड़ा। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की है।