दुर्ग में आने वाले तीन महीनों में शिव महापुराण, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े आयोजन होने हैं। इन आयोजनों के दौरान शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी है।
इसी सिलसिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में यातायात पुलिस के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अब तक की गई कार्रवाई और आगामी दिनों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों से टैंगो टीम की कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने के अभियान, यातायात जागरूकता कार्यक्रम और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की जा रही चेकिंग की जानकारी ली गई।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क रहें। जरूरत के अनुसार प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, वाहन चेकिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
एसएसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, सड़क पर स्टंट करने, बिना नंबर या साफ नंबर नहीं दिखने वाले वाहनों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी कार्रवाई करने कहा गया।
सड़क पर स्टंट करने वाले वाहन चालकों के वाहन जब्त कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं
नो एंट्री में भारी वाहनों की भी होगी जांच
शहर में नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर भी यातायात पुलिस की नजर रहेगी। अधिकारियों को ऐसे वाहनों की जांच कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पहले से ही जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
हादसे वाले स्थानों की होगी जांच
बैठक में सड़क हादसों को रोकने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन स्थानों पर पहले दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, वहां जाकर मौके का निरीक्षण करें। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाकर जरूरी सुधार कराए जाएं।
सड़क की खराब स्थिति, रोशनी की कमी, संकेतक नहीं होना, अतिक्रमण या दूसरी किसी समस्या के कारण हादसा हो रहा है तो संबंधित विभाग से समन्वय कर उसे दूर कराने के निर्देश दिए गए।
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी पेट्रोलिंग
एसएसपी ने यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी आयोजनों के दौरान पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने कहा। आम लोगों को सुरक्षित और आसान यातायात उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस की ओर से आने वाले दिनों में चेकिंग, पेट्रोलिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई और यातायात जागरूकता अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। त्योहारों के दौरान शहर में भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जाएगी।