बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कमकावड़ा में एक बुजुर्ग दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर 60 वर्षीय बलिराम साहू और उनकी पत्नी कटनी बाई साहू की हत्या कर दी।
दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले। घटना की सूचना मिलते ही परपोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बलिराम साहू और उनकी पत्नी कटनी बाई साहू घर में अकेले रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। पुलिस को आशंका है कि वारदात मध्यरात्रि के आसपास की गई होगी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुजुर्ग दंपती की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस मामले से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।
इलाके में फैली सनसनी
एक ही घर में बुजुर्ग दंपती की हत्या की खबर से कमकावड़ा और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।